'ब्रजभाव-माधुर्य'

राधे राधे..

'ब्रजभाव-माधुर्य'
खंड : साधना संबंधी परामर्श

टॉपिक : भगवतरुचि कम क्यों हो जाती है? वह कैसे बढ़े? (जगदगुरु श्री कृपालु महाप्रभु के प्रवचन के अंश से)

"..प्रारम्भ में जब कोई साधक किसी महापुरुष के संपर्क में आता है तो उसमें अश्रु (आँसू) आदि अनेक सात्विक भावों का प्रचुर मात्रा में प्रादुर्भाव देखा जाता है और यह भी देखा जाता है कि भगवत् स्मरण में उसका मन खूब लग रहा है. लेकिन किसी साधक के ये भाव कम हो गये दिखाई पड़ते हैं, उसका एकमात्र कारण यह है कि उसने प्रतिक्षण उस भाव को संजोये (बनाये) रखने का प्रयत्न नहीं किया, आगे की स्थिति को प्राप्त करने का उद्योग नहीं किया और कुछ समय साधना करके, अपनी भगवत् मार्ग में उपार्जित (कमाई हुई) उस तुच्छ स्थिति पर ही संतोष कर लिया, इस कारण से ऐसी स्थिति में वह आ गया है. अब भी अगर वह इस बात को अनुभव करे और निरंतर साधक प्रभु स्मरण की इस राह पर चल जाय तो वह न केवल अपनी पुरानी स्थिति को प्राप्त कर लेगा वरन आगे भी बढ़ जाएगा.."

- जगद्गुरुत्तम् श्री कृपालु जी महाराज..
Ref. आध्यात्म संदेश मैगजीन, अक्टूबर 1998, पृष्ठ 51

* ब्रजभाव माधुर्य
* सुश्री गोपिकेश्वरी देवी जी
* श्री कृपालु भक्तिधारा प्रचार समिति

श्याम तन भले भये घनश्याम |

श्याम तन भले भये घनश्याम |
जो तुम होते गौर बरन तो, विष खातीं ब्रजबाम |
भले भये अति निठुर श्याम जो, रहे द्वारिका ठाम |
जो तुम होते सरल हृदय तो, प्रलय होत ब्रजधाम |
भले भये तुम श्याम कंत इक, प्रिया अनंत ललाम |
जो होते मोहन अनन्य तो, क्यों जीती सो बाम |
जो ‘कृपालु’ तुम होत लली तो, होति कौन गति राम  ||




भावार्थ  –  एक सखी कहती है कि हे श्यामसुन्दर ! बड़ा अच्छा हुआ कि तुम काले रंग के हुए, अगर तुम गोरे रंग के होते तो समस्त ब्रजांगनायें तुम्हारे वियोग में जहर खाकर मर जातीं | बड़ा अच्छा हुआ कि तुमने अत्यन्त निष्ठुर स्वभाव पाया जो कि द्वारिकापुरी से लौट कर नहीं आये | अगर कहीं तुम सरल हृदय के होते तो समस्त ब्रजधाम में प्रलय हो जाती | बड़ा अच्छा हुआ कि तुम प्रियतम एक और तुम्हारी प्रेयसी अनन्त हैं | अगर तुम एक ही प्रेयसी से अनन्य प्रेम करते तो आनन्द के मारे उसके प्राण रह ही न पाते | इतने में ‘श्री कृपालु जी’ ने कहा कि यह सब तो ठीक है, किन्तु यदि तुम लली होते, तो हाय राम ! कौन गति होती  |

 ( प्रेम रस मदिरा     सिद्धान्त   –   माधुरी )
    जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज
सर्वाधिकार सुरक्षित - राधा गोविन्द समिति

कबहुँ सखि हमहुँ देखिहौं श्याम |

कबहुँ सखि हमहुँ देखिहौं श्याम |
बहुत दिनन ते गुनन सुनति हौं, कोटि काम अभिराम |
अंग अंग जनु चुवत सुधारस, अस कह सब ब्रजबाम |
इक तो सुनति चपल चितवनि ते, बिके सबै बिनु दाम |
दूजो सुनति मधुर मृदु मुसुकनि, होत सबै बेकाम |
कह ‘कृपालु’ इक और मुरलिधुनि, घायल कर अविराम   ||



भावार्थ -  अरी सखी ! श्यामसुन्दर को कभी मैं भी देखूँगी? कभी ऐसा सौभाग्य मेरा भी होगा ? बहुत दिनों से उनके गुणों को सुन रही हूँ कि वे करोड़ों कामदेवों से अधिक सुन्दर हैं | उनके अंग-अंग से मानो अमृत रस चूता रहता है, ऐसा समस्त ब्रजांगनाएँ कहती हैं | एक तो सुनती हूँ कि उनके चंचल नेत्र की चितवनि में विलक्षण जादू है जिससे सब बिना दाम के बिक जाते हैं | दूसरे यह भी सुनती हूँ कि उनकी मधुर मुस्कान से सब विह्वल हो जाते हैं | ‘श्री कृपालु जी’ कहते हैं कि अरी सखी ! एक और भी बात है, उनकी मुरली की धुनि से तो कोई भी नहीं बच पाता, वह निरन्तर सबको घायल करती रहती है |


( प्रेम रस मदिरा     दैन्य   -   माधुरी )
    जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज
सर्वाधिकार सुरक्षित  -  राधा गोविन्द समिति

धरो मन ! गौर - चरन को ध्यान |

धरो मन ! गौर - चरन को ध्यान |
जिन चरनन को राखत निज उर, सुंदर श्याम सुजान |
भटकत कोटि कल्प तोहिँ बीते, खायो सिर पदत्रान |
चार प्रकार लक्ष चौरासी, द्वार फिर् यो जनु स्वान |
चरण - शरण कबहूँ नहिं आयो, अबहूँ करत न कान |
येहि दरबार दीन को आदर, पतितन को सनमान |
पुनि ‘कृपालु’ तुम कत चूकत मन, पंडित बनत महान ||


भावार्थ - अरे मन ! कीर्ति - कुँवरी राधिका जी के चरणों का निरन्तर ध्यान किया कर, जिन चरणों का ध्यान सच्चिदानंद श्रीकृष्ण भी करते हैं | अरे मन ! तुझे भटकते हुए अनन्त जन्म बीत चुके, एवं तूने उन विषयों के अनन्त बार जूते खाये | स्वेदज, अंडज, उद् भिज, जरायुज इन चार प्रकार की उत्पत्ति के द्वारा कुत्ते की तरह तूने चौरासी लाख योनियों में चक्कर लगाया है, किन्तु किशोरी जी के चरण - कमलों की शरण कभी नहीं ली | आज भी मेरी बात नहीं मान रहा है | अरे मन ! किशोरी जी के दरबार में पतितों एवं दीनों को ही सम्मान मिलता है | ‘श्री कृपालु जी’ कहते हैं कि अरे मन ! तुम बहुत बड़े पंडित बनते हो फिर ऐसा अवसर क्यों खो रहे हो, अर्थात् किशोरी जी के चरणों की शरण क्यों नहीं लेते ?
( प्रेम रस मदिरा सिद्धान्त - माधुरी )
जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज द्वारा रचित
सुखमय, मंगलमय व् भक्तिमय रविवार की शुभकामनाओं के साथ
🙏🙏 राधे राधे 🙏🙏